ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रुद्रपुर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उत्तराखंड को बागवानी के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का भरोसा देते हुए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य को बागवानी हब बनाने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

रुद्रपुर में आयोजित ‘खेत बचाओ अभियान’ के शुभारंभ के दौरान केंद्रीय मंत्री ने घोषणा की कि मुक्तेश्वर में सेब, अखरोट और बादाम जैसे उच्च गुणवत्ता वाले फलदार पौधों के लिए 100 करोड़ रुपये की लागत से क्लीन प्लांट सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा अल्मोड़ा के चौबटिया में 15 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड के सहयोग से उत्तराखंड में कीवी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 15 करोड़ रुपये की विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। साथ ही राज्य में बड़ी नर्सरी स्थापित करने वालों को 4 करोड़ रुपये और छोटी नर्सरी लगाने वालों को 2 करोड़ रुपये तक की सहायता दी जाएगी।

शिवराज सिंह चौहान ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए 65 करोड़ रुपये की फेंसिंग योजना तथा किसानों को सटीक मौसम की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए 104 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन स्थापित करने की भी घोषणा की।

उन्होंने कहा कि “जब खेत बचेंगे, तभी जमीन बचेगी और जीवन सुरक्षित रहेगा।” केंद्रीय मंत्री ने किसानों से मृदा संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हल्द्वानी में भव्य योग शिविर, डीएम और एसएसपी की मौजूदगी में 350 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास
error: Content is protected !!