नैनीताल। रामगढ़ ब्लॉक के कई गांवों में गुलदार की लगातार दस्तक से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। छीमी मटेला, बसगांव, सिमराड, कोटवा, सोकुली समेत आसपास के गांवों में दिनदहाड़े गुलदार के दिखाई देने से लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले एक महीने के भीतर छीमी मटेला गांव में गुलदार एक गाय के बछड़े समेत चार कुत्तों को अपना शिकार बना चुका है। गांव के आसपास रात-दिन गुलदार की दहाड़ सुनाई देने से लोगों में दहशत व्याप्त है।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि मटेला प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र के आसपास भी गुलदार की लगातार आवाजाही देखी जा रही है। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में फैली घनी और बड़ी-बड़ी झाड़ियां गुलदार के छिपने का सुरक्षित ठिकाना बन गई हैं। यही कारण है कि गुलदार और अन्य जंगली जानवर दिनदहाड़े लोगों के आंगन तक पहुंच रहे हैं। भय के कारण लोग अपने जरूरी काम जल्दी निपटाकर शाम तीन-चार बजे तक घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल गश्त बढ़ाने, झाड़ियों की सफाई कराने और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है, ताकि लोगों को इस भय से राहत मिल सके।


