ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। भवाली-हल्द्वानी हाईवे पर भुजियाघाट क्षेत्र में शनिवार देर रात कुछ युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि 10 से 15 युवक एक होटल में खाना खाने के बाद बिना भुगतान किए लाल रंग की कार से फरार हो गए। सूचना मिलने पर उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो उन्होंने सूचना देने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट कर सड़क जाम कर दी।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मियों को सूचना मिली कि कुछ युवक होटल में खाना खाकर बिना पैसे दिए ज्योलीकोट की ओर भागे हैं।

सूचना पर पुलिस ने भुजियाघाट में वाहन का इंतजार किया। इससे पहले ही युवकों ने वाहन रोककर सूचना देने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट शुरू कर दी और सड़क पर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया।

मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी युवकों ने अभद्रता और मारपीट की। आरोप है कि धक्का-मुक्की के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी गई। पुलिस जब सूचना देने वाले व्यक्ति को सुरक्षित चौकी ले जाने लगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और सड़क बाधित कर दी।

हंगामा बढ़ने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद सभी आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गए।

कांस्टेबल राजेंद्र कुमार जोशी की तहरीर पर तल्लीताल थाने में भुजियाघाट निवासी कुबेर जीना, हर्षित जीना, कौशल जीना, मनीष खाती और हिमांशु बिष्ट समेत आठ अज्ञात युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : नशे में धुत कार चालक का कालाढूंगी रोड पर तांडव, कई लोगों को मारी टक्कर; महिला गंभीर घायल
error: Content is protected !!