ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

मानसून में बढ़ा सांपों का खतरा: हल्दूचौड़ के घर की पानी की टंकी में घुसा ब्लैक कोबरा
पानी की टंकी में छिपा बैठा था जहरीला कोबरा, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
हल्द्वानी। मानसून की दस्तक के साथ ही रिहायशी इलाकों में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ने लगा है। ऐसा ही एक मामला हल्दूचौड़ क्षेत्र के जग्गीबंगर से सामने आया, जहां एक घर की पानी की टंकी में करीब 6 फीट लंबा जहरीला ब्लैक कोबरा घुस गया। समय रहते इसकी जानकारी होने से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, जग्गीबंगर निवासी दीप बमेठा जब रोजमर्रा की तरह अपने घर की पानी की टंकी खोलने पहुंचे तो अंदर कुंडली मारकर बैठे विशालकाय ब्लैक कोबरा को देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत टंकी का उपयोग बंद कर दिया और वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद टंकी में छिपे करीब 6 फीट लंबे कोबरा को सुरक्षित बाहर निकाला। सांप के आकार को देखकर मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम ने कोबरा को आबादी से दूर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि मानसून के दौरान घरों, पानी की टंकियों, स्टोर रूम और आसपास की झाड़ियों की नियमित जांच करें। यदि कहीं सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

यह भी पढ़ें :  भीमताल : पतलोट साधन सहकारी समिति में अंतरराष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ, किसानों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील
error: Content is protected !!