ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी। बरेली रोड पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में कॉलेज के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब रॉन्ग साइड से आए एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक में भीषण आग लग गई।

जानकारी के अनुसार, लालकुआं वार्ड नंबर-4 निवासी 20 वर्षीय अयान खान पुत्र शमशेर खान और सिद्धार्थ सिंह पुत्र वीर सिंह गुरुवार रात किसी काम से लालकुआं से हल्द्वानी आ रहे थे। मोतीनगर के पास हाईवे पर गलत दिशा से आए ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और बाइक आग की लपटों में घिर गई।

घटना की सूचना राहगीर वनभूलपुरा निवासी रऊफ अंसारी ने पुलिस को दी और दोनों घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान सिद्धार्थ सिंह ने दम तोड़ दिया, जबकि अयान खान की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में छह बच्चों की मां 22 साल के युवक संग लापता, पति ने लगाए गहने और नकदी ले जाने के आरोप
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.