देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी है। उन्होंने शुक्रवार को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में 187 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए यह जानकारी दी।
इनमें 182 अभ्यर्थी उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा-2024 के माध्यम से चयनित हुए हैं, जबकि 5 अभ्यर्थियों का चयन कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में वैयक्तिक सहायक के पद पर हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लागू किए गए देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून के कारण युवाओं का सरकारी भर्ती प्रक्रिया पर विश्वास मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि अब युवाओं को उनकी योग्यता, क्षमता और मेहनत के आधार पर अवसर मिल रहे हैं, जिससे भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनी है।
धामी ने बताया कि उत्तराखंड पीसीएस मुख्य परीक्षा-2024 में 71 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 182 का चयन हुआ। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल सरकारी सेवा में प्रवेश का दस्तावेज नहीं, बल्कि राज्य की जनता के विश्वास, उम्मीदों और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की नीयत और नीति दोनों स्पष्ट हैं। जनता से किए गए वादों को केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारा गया है। सरकार का लक्ष्य हर योग्य और प्रतिभाशाली युवा को समान अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि रोजगार के लिए युवाओं को राज्य से बाहर न जाना पड़े।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी” को उत्तराखंड के विकास की सबसे बड़ी ताकत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।


