दवाइयों की आड़ में नशे का कारोबार! बनबसा में नशीली गोलियों की खेप के साथ आरोपी गिरफ्तार

ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान: चंपावत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2770 नशीले कैप्सूल-टैबलेट बरामद

चंपावत। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत चंपावत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एसपी चंपावत रेखा यादव के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी की टीम लगातार नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में बनबसा पुलिस ने चेकिंग के दौरान 2770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट कार को भी सीज कर दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, एसपी रेखा यादव के निर्देश पर जिले में नशे की तस्करी रोकने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान नेपाल सीमा से सटे बनबसा क्षेत्र में धनुष पुल के पास पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। तभी खटीमा की ओर से आ रही स्विफ्ट कार संख्या UK06 BD 5048 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार चालक के कब्जे में रखे एक बैग से कुल 2770 नशीले कैप्सूल और टैबलेट बरामद हुए।

इसके बाद पुलिस ने कार चालक विक्रम सिंह पुत्र पूरन लाल, निवासी ग्राम महोलिया, बहेड़ी, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट कार को भी सीज कर दिया है। बताया गया है कि आरोपी मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्य करता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बनबसा में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी

चंपावत पुलिस के अनुसार, जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी सप्ताह पुलिस ने लाखों रुपये के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  सुप्रीम कोर्ट के आदेश से छोटे कारोबारियों पर पड़ेगा असर: ललित जोशी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.