हल्द्वानी। शहर में 15 वर्षीय छात्रा के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक अज्ञात युवक छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
मामले को और गंभीर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि छात्रा अपने साथ घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण, 10 हजार रुपये नकद और कुछ कपड़े भी ले गई।
परिजनों के अनुसार, 1 जुलाई की सुबह छात्रा को उसके पिता ने तिकोनिया स्थित स्कूल के मुख्य गेट पर छोड़ा था। परिजनों को विश्वास था कि वह रोज की तरह स्कूल चली गई होगी, लेकिन छुट्टी के समय जब पिता उसे लेने पहुंचे तो पता चला कि छात्रा स्कूल के अंदर पहुंची ही नहीं। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
तलाश के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में कथित तौर पर छात्रा एक अज्ञात युवक के साथ नीले रंग की स्कूटी पर जाती हुई दिखाई दे रही है। स्कूटी का नंबर एमपी-15 एमआर-0436 बताया गया है। यह दृश्य सामने आने के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई।
परिजनों का कहना है कि छात्रा बेहद सीधी-सादी है और उन्हें आशंका है कि किसी ने उसे झांसा देकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से छात्रा की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, स्कूटी नंबर और अन्य तकनीकी व स्थानीय सुरागों के आधार पर छात्रा और संदिग्ध युवक की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी जानकारी जुटाई जा रही है।


