ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। शहर क्षेत्र में आयोजित शिव पुराण कथा के दौरान एक दर्दनाक हादसे में युवा पुरोहित की करंट लगने से मौत हो गई। कथा स्थल पर कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय विद्वान पुरोहित भुवन चंद्र पंत अचेत होकर गिर पड़े।

उन्हें आनन-फानन में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कथा स्थल पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि शिव पुराण कथा के दौरान एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जांच में पता चला कि श्रीपुरम कॉलोनी, तल्ली हल्द्वानी निवासी 35 वर्षीय भुवन चंद्र पंत पेशे से पुरोहित थे। शनिवार को वह गौजाजाली उत्तर स्थित आंवला चौकी रोड की दुर्गा कॉलोनी निवासी जय दत्त भट्ट के घर आयोजित शिव पुराण कथा में पूजा-अर्चना कराने पहुंचे थे।
कथा के दौरान अचानक कूलर में करंट उतर आया। जैसे ही भुवन चंद्र पंत कूलर के संपर्क में आए, उन्हें तेज करंट लग गया और वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि भुवन चंद्र पंत अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। पिता के निधन के बाद वह अपनी वृद्ध मां और बहन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनकी अभी शादी भी नहीं हुई थी। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में कूलर में विद्युत करंट उतरना हादसे की वजह माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  रामनगर लूटकांड का ₹10 हजार का इनामी आरोपी ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार, पुलिस-एसओजी की बड़ी सफलता

You missed

error: Content is protected !!