₹2000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की समीक्षा, नैनीताल रोड के कार्यों में देरी पर भी जताई नाराजगी
हल्द्वानी। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मंगलवार को हल्द्वानी शहर में लगभग ₹2000 करोड़ से अधिक लागत से संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्माणदायी संस्था UUSDA, नगर निगम, जल निगम, पेयजल संस्थान समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान मंत्री ने शहर की जगह-जगह खोदी गई और लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी सड़कों पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनता को परेशानी में डालकर विकास कार्य स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सबसे पहले जिन सड़कों को विभिन्न विभागों द्वारा खोदा गया है, उन्हें तत्काल गुणवत्तापूर्ण तरीके से ठीक कराया जाए, उसके बाद ही नए कार्य शुरू किए जाएं।
मंत्री ने विशेष रूप से नैनीताल रोड पर जल निगम द्वारा चल रहे कार्यों की धीमी प्रगति पर भी असंतोष जताया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में सड़कें खराब होने से आम लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में संबंधित विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करें ताकि लोगों को राहत मिल सके।
राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों से कहा कि हल्द्वानी कुमाऊं का प्रवेश द्वार है और यहां आने वाले पर्यटकों की पहली छवि इसी शहर से बनती है। इसलिए विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ-साथ शहर की सुंदरता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को तय मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
बैठक में विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण गुणवत्ता और समयसीमा की विस्तृत समीक्षा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा जनता की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


