ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर ने उद्योग-जगत और शिक्षा के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) की क्षमता निर्माण संस्था नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स (NISM) के साथ 8 जुलाई 2026 को एक लेटर ऑफ अंडरस्टैंडिंग (LoU) पर हस्ताक्षर किए।

इस समझौते का उद्देश्य छात्रों और शिक्षकों को वित्तीय साक्षरता, व्यावसायिक कौशल तथा व्यवहारिक ज्ञान से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ NISM के सहायक महाप्रबंधक श्री सुभायु दास के स्वागत एवं विश्वविद्यालय के निदेशक के संबोधन से हुआ।

अपने संबोधन में निदेशक ने कहा कि वर्तमान समय में प्रतिभूति बाजार का महत्व लगातार बढ़ रहा है और प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप ज्ञान एवं व्यावसायिक प्रमाणपत्र प्राप्त करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रो. (डॉ.) कमल घनशाला, संस्थापक अध्यक्ष, ग्राफिक एरा समूह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और अवसर उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने NISM के साथ हुए इस सहयोग को विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे उन्हें उद्योग मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र, व्यवहारिक अनुभव और वैश्विक स्तर के कौशल प्राप्त होंगे। साथ ही उन्होंने शिक्षकों को भी विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से सशक्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

NISM के सहायक महाप्रबंधक श्री सुभायु दास ने कहा कि यह साझेदारी विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगी। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी को कम करते हुए विद्यार्थियों के व्यवहारिक कौशल और वैश्विक दक्षताओं का विकास करना तथा शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण संसाधनों और व्यावसायिक विकास कार्यक्रमों से जोड़ना है।

समझौते के अंतर्गत फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDPs), SEBI मान्यता प्राप्त प्रमाणन पाठ्यक्रम, उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद, वित्तीय साक्षरता अभियान, सिमुलेशन लैब भ्रमण, निःशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रम, शैक्षणिक अध्ययन भ्रमण, राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता क्विज में सहभागिता तथा विश्वविद्यालय में NISM टेस्ट सेंटर की स्थापना सहित अनेक गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

कार्यक्रम का समापन दोनों संस्थानों के प्रतिनिधियों द्वारा समझौता पत्र पर हस्ताक्षर एवं दस्तावेजों के आदान-प्रदान के साथ हुआ, जिससे इस सहयोगात्मक साझेदारी का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

यह भी पढ़ें :  कालाढूंगी में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं व डिजिटल बैंकिंग की दी जानकारी

You missed

error: Content is protected !!