बीते वर्ष भी हुआ था भूस्खलन, इस बार चट्टानें और मलबा सड़क तक पहुंचा; स्थानीय लोगों में दहशत

नैनीताल। लगातार हो रही बारिश के बीच नैनीताल के सात नंबर क्षेत्र स्थित बोरा प्वाइंट के समीप गुरुवार को भारी भूस्खलन होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और मलबा नीचे सड़क तक पहुंच गया, जिससे आसपास के मकानों पर खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा कार्य नहीं किए गए तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इसी स्थान पर पिछले वर्ष भी भूस्खलन हुआ था। इसके बावजूद स्थायी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, जिसके चलते इस बार फिर पहाड़ी दरकने लगी है। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी और अधिक कमजोर हो गई है तथा आसपास के मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के सभासद जितेंद्र पांडे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल उप जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी तथा अन्य संबंधित अधिकारियों को भी अवगत कराया। सभासद ने प्रशासन से मौके का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा एवं राहत कार्य शुरू करने की मांग की।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्र का तकनीकी सर्वे कराने, भूस्खलन रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा कार्य कराने तथा संवेदनशील स्थानों की निगरानी बढ़ाने की मांग की है।

इस दौरान खुशहाल सिंह रावत, गणेश लोहनी, नारायण सिंह कार्की और प्रो. ललित तिवारी सहित अन्य स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र समुचित कार्रवाई करते हुए क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

वहीं लगातार हो रही बारिश के चलते लोगों से भी सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में आवाजाही से बचने की अपील की जा रही है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  2270 नशीले टैबलेट के साथ एमआर गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कामयाबी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.