सादी वर्दी में यात्री बनकर पहुंचे अधिकारियों ने ऐप से बुक की बाइक, मौके पर पकड़े चालक; निजी वाहनों के व्यावसायिक इस्तेमाल पर सख्ती
हल्द्वानी। हल्द्वानी में रैपिडो ऐप के जरिए निजी दोपहिया वाहनों से अवैध रूप से सवारी ढोने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
विशेष अभियान चलाकर विभाग ने 6 प्राइवेट बाइक और स्कूटी को सीज कर दिया। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अरविंद पांडे ने बताया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों से शिकायतें मिल रही थीं कि सफेद नंबर प्लेट वाले निजी वाहन रैपिडो ऐप के माध्यम से व्यावसायिक रूप से संचालित किए जा रहे हैं।
शिकायतों के सत्यापन के लिए परिवहन कर अधिकारी जगदीश चंद्र के नेतृत्व में टीम ने विशेष रणनीति बनाई।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग के आरक्षियों को सादी वर्दी में आम यात्री बनाकर रैपिडो ऐप से बाइक बुक कराई गई।
जैसे ही चालक यात्रियों को निर्धारित स्थान पर छोड़ने पहुंचे, पहले से मौजूद टीम ने उन्हें मौके पर पकड़ लिया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 6 निजी बाइक और स्कूटी को सीज कर दिया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) अरविंद पांडे ने स्पष्ट किया कि सफेद नंबर प्लेट वाले वाहन केवल निजी उपयोग के लिए होते हैं। ऐसे वाहनों का किराये पर या व्यावसायिक उपयोग मोटर वाहन अधिनियम के तहत अवैध है।
व्यावसायिक परिवहन के लिए केवल पीले नंबर प्लेट वाले वाहनों को ही अनुमति है। नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माने के साथ वाहन का पंजीकरण निलंबित या निरस्त भी किया जा सकता है।
उन्होंने वाहन स्वामियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी ऑनलाइन ऐप के माध्यम से निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग न करें। परिवहन विभाग का यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


