ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। शहर में स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जाने के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने एसडीएम कोर्ट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि नए मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल महिलाओं ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद पहले की तुलना में कई गुना अधिक बिजली बिल आ रहे हैं। महंगाई के दौर में बढ़े हुए बिजली बिलों ने परिवारों का मासिक बजट बिगाड़ दिया है और आम उपभोक्ताओं की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था के जरिए लोगों पर अनावश्यक आर्थिक भार डाला जा रहा है।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने, बढ़े हुए बिजली बिलों की समीक्षा करने तथा आम उपभोक्ताओं को राहत देने की मांग की गई। साथ ही सरकार से यह भी आग्रह किया गया कि जब तक शिकायतों का समाधान नहीं हो जाता, तब तक उपभोक्ताओं पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक दबाव न डाला जाए।

इस मौके पर कांग्रेस नेता ललित जोशी ने कहा कि जनता लगातार स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं और बढ़े हुए बिजली बिलों की शिकायत कर रही है, लेकिन सरकार और बिजली विभाग उनकी बात सुनने को तैयार नहीं हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों का समाधान नहीं किया गया और उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिली, तो कांग्रेस स्थानीय लोगों के साथ मिलकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं और स्थानीय लोगों ने सरकार से स्मार्ट मीटर व्यवस्था की समीक्षा कर आम जनता के हित में आवश्यक निर्णय लेने की मांग की।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन पर युवती ने मनचले को सिखाया सबक, छेड़छाड़ के आरोप पर चप्पलों और थप्पड़ों से की पिटाई, वीडियो वायरल

You missed

error: Content is protected !!