ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

अस्पताल परिसर की क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर गिरी,दर्दनाक हादसे में चिकित्सा प्रभारी की मौत 

चमोली। जिले के नारायणबगड़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी की जान चली गई।

अस्पताल परिसर की क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान बहकर आए मलबे से अस्पताल की बाउंड्रीवाल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था।

इसी दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. डिमरी मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे कि पहले से कमजोर हो चुकी दीवार अचानक उनके ऊपर गिर पड़ी।
हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रिया घिल्डियाल ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही उनका निधन हो गया।
डॉ. नवीन चंद्र डिमरी के असामयिक निधन की खबर से स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। सभी ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, संवेदनशील और समर्पित चिकित्सक बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। इस हादसे ने अस्पताल परिसर की जर्जर संरचनाओं और उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में 9 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों को किया हाई अलर्ट पर
error: Content is protected !!