हल्द्वानी। तीनपानी बाईपास पुल पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद नैनीताल पुलिस ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्वयं दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों का बारीकी से अध्ययन किया और संबंधित अधिकारियों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के आधार पर सुधारात्मक उपाय सुझाने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि 11 जुलाई 2026 की रात लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (UK04U-7275) तीनपानी बाईपास पुल के घुमाव पर अनियंत्रित होकर स्कूटी से टकरा गई थी।
हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी सवार चार लोगों की मौके पर ही गंभीर चोटें आईं और बाद में उनकी मौत हो गई। इस दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी।
घटना के तुरंत बाद एसपी क्राइम/यातायात और एसपी सिटी हल्द्वानी बेस चिकित्सालय पहुंचे थे, जहां उन्होंने घायलों और दुर्घटना से संबंधित जानकारी लेकर स्थिति का जायजा लिया था।
सोमवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए दुर्घटना के सभी पहलुओं का गहन परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों वाहनों की दिशा, सड़क की बनावट, पुल के घुमाव, दृश्यता, सड़क की स्थिति तथा अन्य तकनीकी बिंदुओं का सूक्ष्मता से अध्ययन किया गया।
एसएसपी ने कहा कि यह अत्यंत दुखद और गंभीर दुर्घटना है। इसकी विस्तृत जांच की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों का वैज्ञानिक एवं तकनीकी विश्लेषण कर आवश्यक सुधारात्मक उपायों की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस हादसे से समाज, वाहन चालकों और पुलिस व्यवस्था सभी को सीख लेने की आवश्यकता है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा का अनुपालन और सतर्कता के साथ वाहन चलाना ही इस तरह की दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि नैनीताल पुलिस सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर लगातार अभियान चलाती रहेगी तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे।



