ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। महिलाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सशक्त एकता उद्योग व्यापार मंडल (रजि.) उत्तराखंड के महिला मोर्चे के प्रदेश कार्यालय का रविवार को हल्द्वानी में उद्घाटन किया गया।

महिला प्रदेश अध्यक्ष ज्योति अवस्थी ने कार्यालय का शुभारंभ करते हुए संगठन की महत्वाकांक्षी “बारह महीने बारह रोजगार योजना” की घोषणा की।

इस अवसर पर ज्योति अवस्थी ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होना एक विकसित और समृद्ध समाज की नींव है। उन्होंने कहा कि जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है तो उसका पूरा परिवार और आने वाली पीढ़ियां भी सशक्त होती हैं।

उन्होंने बताया कि “बारह महीने बारह रोजगार योजना” के तहत महिलाओं को 12 महीनों में 12 प्रकार के रोजगार एवं स्टार्टअप से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना के अंतर्गत सिलाई-कढ़ाई जैसे पारंपरिक कौशल के साथ-साथ उद्यमिता, मैन्युफैक्चरिंग, व्यवसाय प्रबंधन और स्टार्टअप स्थापित करने की जानकारी भी दी जाएगी।

साथ ही महिलाओं को केंद्र सरकार के स्टार्टअप इंडिया मिशन, एमएसएमई के तहत उपलब्ध बिना गारंटी ऋण योजनाओं तथा उत्तराखंड सरकार की एकल महिला स्वरोजगार योजना से जोड़ने और ऋण उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया जाएगा।

कार्यक्रम में संगठन महामंत्री भुवन भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं तरुण वानखेड़े, संजय त्यागी, तेज सिंह कार्की, सीमा बत्रा, संजय बिष्ट सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं महिला मोर्चे की दीप्ति गुरूरानी, कल्पना रावत, रेनु शर्मा, मंजू शाह, नीता गुप्ता, तरंजीत कौर, काजल खत्री, यशोदा सोटियाल, पुष्पा भट्ट, आशू राठौर, प्रभा खनका और रेनू डसीला समेत कई सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने “महिला शक्ति जिंदाबाद” और “सशक्त एकता उद्योग व्यापार मंडल जिंदाबाद” के नारों के साथ महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का संकल्प दोहराया।

यह भी पढ़ें :  रामगढ़ में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन; 358 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, 25 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

You missed

error: Content is protected !!