ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

करंट लगने से 31वीं वाहिनी पीएसी के कांस्टेबल की दर्दनाक मौत, बिजली ठीक करते समय हुआ हादसा

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में एक बेहद दर्दनाक हादसे में 31वीं वाहिनी पीएसी के एक कांस्टेबल की करंट लगने से मौत हो गई। ड्यूटी पूरी कर घर लौटे जवान बिजली की तकनीकी खराबी ठीक करने के लिए पोल पर चढ़े थे।

इसी दौरान वह अचानक हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए और नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पीएसी परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

मृतक की पहचान 36 वर्षीय धर्मेंद्र सिंह रावत पुत्र लाल सिंह रावत के रूप में हुई है। वह वर्ष 2011 बैच के जवान थे और 31वीं वाहिनी पीएसी की डी कंपनी में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। धर्मेंद्र सिंह रावत अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रुद्रपुर की बगवाड़ा ग्रीन व्यू कॉलोनी में रहते थे।

जानकारी के अनुसार, सोमवार को उनकी ड्यूटी शाम चार बजे तक थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह अपने घर पहुंचे। इसी दौरान घर में बिजली की तकनीकी खराबी आ गई। इसे ठीक करने के लिए वह बिजली के पोल पर चढ़ गए। मरम्मत के दौरान अचानक करंट लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने उन्हें एक निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

31वीं वाहिनी पीएसी के सहायक सेनानायक मिथिलेश सिंह ने बताया कि धर्मेंद्र सिंह रावत डी कंपनी में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे और विभाग की अनुमति से अपने निजी आवास में रह रहे थे। ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह घर गए थे, जहां बिजली की खराबी ठीक करते समय यह दुखद हादसा हो गया।

धर्मेंद्र सिंह रावत अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, 31वीं वाहिनी पीएसी के अधिकारियों और जवानों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

क्षेत्र के लोगों ने भी इस दुखद घटना पर संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।

यह भी पढ़ें :  नौकरी का झांसा देकर हल्द्वानी के युवक से 3 लाख की ठगी, मलेशिया में बनाया बंधक; कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज
error: Content is protected !!