ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी शहर में 230 करोड़ की सड़क एवं ड्रेनेज परियोजनायें समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण किये जांए-  कुमाऊं आयुक्त

विभागों के बीच बेहतर समन्वय, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश, बरेली रोड पर अंडरपास प्रस्ताव तैयार करने की बात

हल्द्वानी। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को हल्द्वानी में यूयूएसडीए द्वारा लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत से संचालित सड़क एवं ड्रेनेज परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कैंप कार्यालय से पैदल मंगल पड़ाव तक निर्माण कार्यों का जायजा लिया और इसके बाद शनि बाजार क्षेत्र में निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को माइक्रो प्लान तैयार कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण परियोजनाओं में हो रही देरी पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें और अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

दीपक रावत ने कहा कि शहर में विभिन्न स्थानों पर निर्माण कार्यों के चलते बने गड्ढों से आम जनता को भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क खोदने के बाद पुनर्स्थापना कार्य तत्काल पूरा किया जाए और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

बरेली रोड पर हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना का उल्लेख करते हुए आयुक्त ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के साथ मिलकर दुर्घटना संभावित स्थल पर अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। साथ ही संबंधित मार्गों पर शीघ्र साइनेज लगाने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय कभी भी रॉन्ग साइड का प्रयोग न करें, क्योंकि यह न केवल मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन है बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का भी प्रमुख कारण बनता है।

निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, परियोजना निदेशक यूयूएसडीए मृदुला सिंह, प्रोजेक्ट मैनेजर गुरप्रीत सिंह, एसडीएम मोनिका, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग प्रत्यूष सिंह सहित विद्युत एवं पेयजल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  भीमताल : वर्षाकाल में दूध उठान की समस्या पर हरीश पनेरू ने उठाई आवाज, डेयरी विकास निदेशक से मिलकर मांगा स्थायी समाधान

You missed

error: Content is protected !!