नरेश पांडे यौन शोषण व मानव तस्करी मामले में नया मोड़, पहली शिकायतकर्ता युवती गिरफ्तार, कोर्ट ने एक दिन की रिमांड पर भेजा
कॉलेज छात्राओं को जाल में फंसाने के आरोप: नरेश पांडे और पहली शिकायतकर्ता पर शिकंजा
दूसरी पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ नया मुकदमा, पॉक्सो, दुष्कर्म, मानव तस्करी व आपराधिक षड्यंत्र समेत गंभीर धाराओं में कार्रवाई
रिपोर्टर: गुड्डू सिंह ठठोला
नैनीताल। भवाली निवासी नरेश पांडे से जुड़े चर्चित महिला यौन शोषण एवं कथित सेक्स रैकेट मामले में मंगलवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। पुलिस ने मामले की पहली शिकायतकर्ता युवती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
न्यायालय ने उसे एक दिन की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले में बुधवार को दोबारा रिमांड बढ़ाने पर सुनवाई होगी।
डीजीसी (क्राइम) सुशील शर्मा ने बताया कि पॉक्सो न्यायालय के न्यायाधीश के अवकाश पर होने के कारण युवती को अन्य न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की हिरासत में भेजा गया। बुधवार को उसे पुनः पॉक्सो कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, दूसरी पीड़िता की शिकायत के आधार पर नरेश पांडे और पहली शिकायतकर्ता युवती के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम, दुष्कर्म, मानव तस्करी, आपराधिक षड्यंत्र और जान से मारने की धमकी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि दोनों कॉलेज की छात्राओं को अपने जाल में फंसाकर उनका शोषण करते थे और एक संगठित रैकेट संचालित कर रहे थे।
गौरतलब है कि इसी पहली शिकायतकर्ता युवती ने पहले नरेश पांडे पर यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए थे। उसने दावा किया था कि नरेश पांडे ने उससे मंदिर में विवाह किया, गर्भवती होने पर हल्द्वानी के एक अस्पताल में उसका गर्भपात कराया और उसका पूरा खर्च भी उठाया। हालांकि बाद में युवती ने अपने बयान बदलते हुए शिकायत वापस लेने की बात कही थी।
इसी बीच एक अन्य युवती पुलिस के सामने आई, जिसने नरेश पांडे और पहली शिकायतकर्ता पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे कथित रैकेट का खुलासा किया। इसके बाद पुलिस ने नए सिरे से मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
नोट: मामले की जांच अभी जारी है। आरोपों की पुष्टि न्यायालय में साक्ष्यों और जांच के आधार पर होगी। सभी आरोपी कानून की नजर में दोष सिद्ध होने तक निर्दोष माने जाते हैं।



