विकासखण्ड कोटाबाग की सभी 55 ग्राम पंचायतों में 55 उप-प्रधान पदों में से 47 निर्विरोध और 8 में मतदान से चुने गए प्रतिनिधि
रिपोर्टर : नीरज तिवारी
कालाढूंगी/कोटाबाग। विकासखण्ड कोटाबाग की सभी 55 ग्राम पंचायतों में उप-प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया बुधवार को शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। चुनाव प्रक्रिया के दौरान कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और पूरे विकासखण्ड में मतदान व मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई।
निर्वाचन परिणामों के अनुसार कुल 55 उप-प्रधान पदों में से 47 ग्राम पंचायतों में उप-प्रधान सर्वसम्मति से निर्विरोध निर्वाचित हुए, जबकि शेष 8 ग्राम पंचायतों में मतदान के माध्यम से चुनाव कराया गया। मतदान के बाद मतगणना पूरी होने पर सभी आठ ग्राम पंचायतों में परिणाम घोषित कर दिए गए।
इस चुनाव की सबसे उल्लेखनीय बात यह रही कि विकासखण्ड की किसी भी ग्राम पंचायत में उप-प्रधान का पद रिक्त नहीं रहा। सभी 55 पदों पर निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने से पंचायतों में जनप्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो गया है।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों में निर्विरोध निर्वाचन होने को स्थानीय स्तर पर आपसी सहमति और सामंजस्य का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। वहीं जिन आठ ग्राम पंचायतों में मतदान हुआ, वहां भी मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उप-प्रधानों के निर्वाचन के साथ ही विकासखण्ड कोटाबाग की सभी ग्राम पंचायतों में पंचायत संचालन को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।



