ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हृदयविदारक हादसे में दो छह वर्षीय मासूम बच्चों की बरसाती पानी से भरे एक खाली भूखंड में डूबने से मौत

दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर, दोनों परिवारों में मातम पसरा

काशीपुर। महादेव कॉलोनी क्षेत्र में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे में दो छह वर्षीय मासूम बच्चों की बरसाती पानी से भरे एक खाली भूखंड में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे आपस में घनिष्ठ मित्र थे और खेलते-खेलते पानी में नहाने उतर गए। गहरे गड्ढे का अंदाजा न लग पाने के कारण दोनों पानी में समा गए। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई, जबकि दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार पुष्पक विहार कॉलोनी निवासी देव (6) पुत्र राजेंद्र और मयंक (6) पुत्र नन्हे बुधवार दोपहर अपने घरों से कुछ दूरी पर स्थित महादेव कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में अन्य बच्चों के साथ खेलने गए थे। लगातार हो रही बारिश के कारण इस भूखंड में काफी मात्रा में पानी भर गया था। खेलते-खेलते दोनों मासूम पानी में नहाने उतर गए, लेकिन वहां मौजूद गहरे गड्ढे में चले जाने से डूब गए।

घटना के दौरान साथ खेल रहे अन्य बच्चों ने शोर मचाया तो स्थानीय निवासी अमन रुहेला मौके पर पहुंचे। अमन ने बताया कि सबसे पहले उनके फूफा ने बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण उन्हें बाहर आना पड़ा। इसके बाद अमन करीब सात फीट गहरे पानी में कूद गए और पहली बार में एक बच्चे को बाहर निकाल लिया। इसी दौरान अन्य बच्चों ने बताया कि एक और बच्चा भी पानी में डूबा हुआ है। अमन ने बिना समय गंवाए दूसरी बार पानी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद दूसरे बच्चे को भी बाहर निकाल लिया।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को तत्काल एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय, काशीपुर पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल की ईएमओ डॉ. साक्षी ने बताया कि अस्पताल पहुंचने तक दोनों बच्चों की हृदयगति पूरी तरह बंद हो चुकी थी और उन्हें बचाया नहीं जा सका।

हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मासूम बच्चों की मौत की सूचना से पूरे इलाके में मातम छा गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे तथा घटना की जानकारी जुटाई। प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खाली भूखंड में लंबे समय से बरसात का पानी जमा था। इसी पानी में नहाने के दौरान दोनों बच्चे गहरे गड्ढे में चले गए, जिससे यह दुखद हादसा हुआ।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और यदि जांच में किसी व्यक्ति या संबंधित पक्ष की लापरवाही सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे ने एक बार फिर बरसात के मौसम में खुले गड्ढों और पानी से भरे खाली भूखंडों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने ऐसे खतरनाक स्थानों को तत्काल सुरक्षित कराने और प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड पुलिस में फिर गूंजा 4600 ग्रेड पे का मुद्दा, सोशल मीडिया पर हलचल तेज
error: Content is protected !!