ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

होमस्टे में महिला का शव मिला, आरोपी जवान गंभीर हालत में दून अस्पताल में भर्ती; हत्या का मुकदमा दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

देहरादून। राजधानी देहरादून से प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीएसएफ के एक जवान पर अपनी प्रेमिका को कथित तौर पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी ने भी जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका दून अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी आरोपी की पत्नी ने दी। उन्होंने बताया कि उनके पति ने फोन कर अपनी लोकेशन भेजी और कहा कि उसने अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी है तथा खुद भी जहर खा लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम लोकेशन के आधार पर मियांवाला चौक स्थित द बिरिज़ होमस्टे पहुंची।

होमस्टे के कमरे में बीएसएफ जवान परमेन्द्र नेगी (38) निवासी मोहब्बेवाला, क्लेमेंटाउन बेसुध अवस्था में मिला, जबकि आरती बिष्ट (40) निवासी गूलरघाटी, नकरौंदा मृत पाई गईं। पुलिस ने घायल जवान को पहले नजदीकी अस्पताल और फिर बेहतर उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परमेन्द्र नेगी और आरती बिष्ट के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। बीएसएफ जवान छुट्टी पर घर आया हुआ था और पिछले दो दिनों से आरती के साथ इसी होमस्टे में ठहरा हुआ था।

मृतका के पति पंकज सिंह बिष्ट ने डोईवाला कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी पत्नी और परमेन्द्र नेगी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस संबंध की जानकारी आरोपी के परिवार को भी थी। तहरीर के अनुसार, आरोपी की पत्नी लगातार आरती पर संबंध खत्म करने का दबाव बना रही थी। इसी विवाद के चलते परमेन्द्र नेगी ने कथित तौर पर आरती को जहर देकर उसकी हत्या कर दी और बाद में स्वयं भी जहर खा लिया।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। उसके स्वस्थ होने के बाद विस्तृत पूछताछ की जाएगी, जिससे घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के आधार पर यह मामला प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 16 जुलाई 2026
error: Content is protected !!