ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज, शादी का दबाव बनाने और रिश्तेदारों को आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप

हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक विवाहिता के लिए परेशानी का सबब बन गई। आरोप है कि फेसबुक के माध्यम से हुई पहचान के बाद युवक ने पहले महिला पर शादी करने का दबाव बनाया और विवाह के बाद भी उसका पीछा नहीं छोड़ा। इतना ही नहीं, महिला के परिजनों को आपत्तिजनक संदेश भेजकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मामले में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले उसकी पहचान फेसबुक के माध्यम से रुद्रपुर के दूधिया नगर कैनाल कॉलोनी निवासी विकास कश्यप से हुई थी। शुरुआत में सामान्य बातचीत के बाद आरोपी लगातार उससे नजदीकियां बढ़ाने की कोशिश करने लगा और शादी करने का दबाव बनाने लगा।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी बिना मांगे उसे महंगे उपहार देता था और ऑनलाइन रुपये भेजने की भी कोशिश करता था, जिन्हें उसने हर बार लौटा दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक दिन आरोपी बहाने से उसे हल्द्वानी के एक होटल ले गया। महिला ने होटल में रुकने से इनकार किया, लेकिन आरोपी ने केवल दो घंटे बातचीत और आराम करने की बात कहकर उसे मना लिया।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी अक्सर उसके कार्यालय के बाहर छुट्टी के समय पहुंच जाता और बाइक पर बैठने का दबाव बनाता था। फरवरी में महिला का विवाह हो गया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने महिला के मामा, भाई और अन्य रिश्तेदारों के व्हाट्सएप नंबरों पर आपत्तिजनक संदेश भेजे, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची और उसे मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ा।
कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  नशे में धुत युवकों का हाईवे पर तांडव, 3 वाहनों को मारी टक्कर
error: Content is protected !!