ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल पुलिस ने पूरे जनपद में चलाए महा-वृक्षारोपण अभियान, लगाए 600 फलदार व छायादार

वृक्ष_”विकास और पर्यावरण में संतुलन जरूरी” – हरेला पर्व पर एसएसपी नैनीताल ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

जनपदभर में लगाए गए 600 फलदार, छायादार और स्थानीय प्रजातियों के पौधे, “हरियाली है तो हम हैं” का दिया संदेश

हल्द्वानी। हरेला पर्व के अवसर पर नैनीताल पुलिस ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए पूरे जनपद में महा-वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना परिसरों, पुलिस कार्यालयों और इकाइयों में लगभग 600 फलदार, छायादार एवं स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाए गए। अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने किया।

गुरुवार को एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कोतवाली काठगोदाम परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने समस्त जनपदवासियों एवं पुलिस परिवार को उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “हरियाली है तो हम हैं” और उत्तराखंड की संस्कृति का मूल आधार प्रकृति है। तेजी से हो रहे विकास के बीच पर्यावरण और विकास के संतुलन को बनाए रखना हम सभी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

एसएसपी ने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि भूस्खलन, बाढ़ और जलवायु परिवर्तन जैसी प्राकृतिक चुनौतियों से धरती को बचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों से अपील की कि पौधे केवल संख्या बढ़ाने के लिए नहीं, बल्कि उनके वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करने का संकल्प भी लें।

उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस परिसर एवं सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित स्थानों का चयन कर कतारबद्ध तरीके से पौधे लगाए जाएं, ताकि उनका संरक्षण सुनिश्चित हो सके। साथ ही सभी पुलिसकर्मी अपने घर एवं मूल निवास स्थान पर भी कम से कम दो पौधे अवश्य लगाएं।

अभियान के तहत जनपदभर में आम, अमरूद, गुलमोहर, बुरांश, पांगर, जामुन, कटहल, तेजपत्ता, आंवला तथा अन्य स्थानीय पहाड़ी प्रजातियों के लगभग 600 पौधे लगाए गए। एसएसपी ने कहा कि प्रकृति सुरक्षित रहेगी तभी हमारा भविष्य सुरक्षित रहेगा और सभी पुलिस कर्मियों ने देवभूमि को अधिक हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह, प्रभारी सीपीयू जगदीश राम, चौकी प्रभारी मल्ला काठगोदाम दिलीप कुमार सहित पुलिस बहुउद्देशीय भवन की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त एसपी हल्द्वानी डॉ. जगदीश चंद्र के नेतृत्व में पुलिस लाइन नैनीताल तथा जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और अग्निशमन प्रभारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों, थाना परिसरों एवं इकाइयों में वृक्षारोपण कर हरेला पर्व को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया।

यह भी पढ़ें :  ऑल सेंट्स कॉलेज में हरेला पर्व पर पौधारोपण, प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश
error: Content is protected !!