हल्द्वानी-काठगोदाम। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के शुभ अवसर पर हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम की ओर से गुरुवार को श्री चित्रशिला घाट, रानीबाग स्थित विद्युत शवदाह गृह परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प को दोहराया गया।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण महज एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु, हरित वातावरण और बेहतर भविष्य देने का संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प ले, तो आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और हरित उत्तराखंड के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, रेंजर नितेश तिवारी, नामित पार्षद हरीश जोशी, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, मां शीतला मंदिर समिति के अध्यक्ष सचिन साह, पार्षद प्रतिनिधि गोपाल भट्ट एवं विक्रम अधिकारी, पूर्व पार्षद भुवन तिवारी, पूर्व प्रधान महेश भंडारी, भाजपा कार्यालय प्रवास एवं कार्यक्रम प्रकोष्ठ के सह-संयोजक रवि रौतेला, मत्स्य सहकारी संघ के उपाध्यक्ष संदीप भोज, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर टोलिया, गणेश भट्ट, गणेश आर्या, भावेश गोस्वामी, नक्षत्र सिंह, प्रकाश बृजवासी, पंकज शाही सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए हरेला पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला।


