ठंडी सड़क पर शुरू हुआ विवाद अस्पताल तक पहुंचा, कई युवक घायल; पुलिस ने शुरू की जांच
हल्द्वानी। शहर में शुक्रवार को दो युवकों के गुटों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। वेलेजली लॉज और राजपुरा क्षेत्र के युवकों के बीच पहले ठंडी सड़क पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर जमकर हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए। मारपीट के दौरान कई युवकों के सिर फूट गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए बेस अस्पताल लाया गया, लेकिन यहां भी दोनों पक्षों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। अस्पताल की इमरजेंसी के भीतर और बाहर दोनों गुट एक बार फिर आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट शुरू कर दी। अचानक अस्पताल परिसर में हुई इस हिंसा से मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मचारियों में दहशत फैल गई। कुछ देर के लिए अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
अस्पताल में हुई पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति पर नियंत्रण पाया।
पुलिस ने अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से तहरीर मिलने और फुटेज की जांच के आधार पर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दिनदहाड़े हुई इस घटना और अस्पताल जैसी संवेदनशील जगह पर दोबारा हुई मारपीट ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।


