ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

सड़क नहीं होने से ग्रामीणों में रोष, रोड नहीं तो वोट नहीं का दिया नारा, राजनीतिक संगठन से जुड़े व्यक्तियों को गाँव में प्रवेश पर लगाएंगे रोक। 

70 परिवारों और 600 से अधिक आबादी वाले गांव में वर्षों से सड़क नहीं, पलायन तेज; विधायक सरिता आर्या ने जल्द सर्वे और निर्माण शुरू कराने का दिया भरोसा।

रिपोर्टर – नीरज तिवारी

कालाढूंगी/नैनीताल। नैनीताल जिले के कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग स्थित बजून ग्रामसभा का फगुनियाखेत गांव आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। वर्षों से सड़क निर्माण नहीं होने के कारण गांव से लगातार पलायन हो रहा है और ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द सड़क नहीं बनी तो गांव का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा।

भीमताल विकासखंड के अंतर्गत आने वाले इस गांव में करीब 70 परिवार और 600 से अधिक लोग निवास करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार अब तक 200 से अधिक युवा रोजगार और बेहतर सुविधाओं की तलाश में गांव छोड़ चुके हैं, जबकि पलायन का सिलसिला आज भी जारी है।

ग्रामीणों ने पलायन रोकने के उद्देश्य से गांव में होमस्टे भी बनाए, लेकिन सड़क नहीं होने के कारण पर्यटक यहां तक नहीं पहुंच पाते। इससे ग्रामीणों की आजीविका पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

सामाजिक कार्यकर्ता नंदन सिंह कोटलिया ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण कई बार जिला और प्रदेश स्तर के अधिकारियों को ज्ञापन दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि कुछ अधिकारियों ने तो यहां तक कहा कि उन्होंने इस गांव का नाम भी नहीं सुना।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस बार भी सड़क निर्माण नहीं हुआ तो वे आगामी सभी चुनावों का विरोध करेंगे और किसी भी राजनीतिक दल के प्रतिनिधि को गांव में प्रवेश नहीं करने देंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में फल, सब्जी और दूध का अच्छा उत्पादन होता है, लेकिन सड़क के अभाव में इन उत्पादों को नैनीताल बाजार तक पहुंचाना बेहद कठिन है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।

वहीं, क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। जल्द ही सर्वे का कार्य पूरा कर निर्माण प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें :  ऑपरेशन प्रहार के तहत दो स्मैक तस्कर गिरफ्तार, 7.34 ग्राम स्मैक और बाइक बरामद

You missed

error: Content is protected !!