घर में खेलते समय स्टैंडिंग विद्युत पंखा आठवीं कक्षा के छात्र ऊपर गिरा,करंट उतरने के कारण वह गंभीर रूप से झुलसा,झुलस गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पंतनगर। पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर की नगला डेयरी कॉलोनी में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में आठवीं कक्षा के छात्र की करंट लगने से मौत हो गई। घर में खेलते समय स्टैंडिंग विद्युत पंखा उसके ऊपर गिर गया, जिसमें करंट उतरने के कारण वह गंभीर रूप से झुलस गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, नगला डेयरी निवासी अंगद सिंह पंतनगर विश्वविद्यालय के शैक्षणिक डेयरी फार्म में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत हैं। उनका 14 वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह, जो आठवीं कक्षा का छात्र था, गुरुवार शाम करीब चार बजे घर में खेल रहा था। इसी दौरान अचानक स्टैंडिंग विद्युत पंखा उसके ऊपर गिर पड़ा। पंखे में करंट होने के कारण आदित्य उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही अचेत हो गया।
परिजन तुरंत उसे पंतनगर विश्वविद्यालय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
आदित्य की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं नगला डेयरी कॉलोनी में भी शोक की लहर दौड़ गई। मासूम की असमय मौत से क्षेत्र के लोग भी स्तब्ध हैं।
इस हादसे ने एक बार फिर घरों में उपयोग होने वाले विद्युत उपकरणों की सुरक्षा और नियमित जांच की आवश्यकता को उजागर किया है। पुलिस और संबंधित विभाग भी मामले की जानकारी जुटाने में लगे हैं।


