ब्रेकिंग न्यूज़

बागेश्वर में सनसनी: स्कूल जाते समय जीआईसी प्रधानाचार्य  की चाकू मारकर हत्या, आरोपी  फरार
दिनदहाड़े प्रधानाचार्य की हत्या से सनसनी, रास्ते में घात लगाकर चाकू से किया हमला

बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) भटकोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55 वर्ष) की स्कूल जाते समय रास्ते में चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा शनिवार सुबह रोज की तरह अपने घर से विद्यालय के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि विद्यालय का ही एक बाबू पहले से रास्ते में चाकू लेकर घात लगाए बैठा था। जैसे ही प्रधानाचार्य वहां पहुंचे, आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में उन्हें कई गंभीर चोटें आईं और वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर फैलते ही शिक्षकों, परिचितों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

फिलहाल हत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस का कहना है कि आपसी विवाद, विभागीय रंजिश या अन्य किसी कारण सहित सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

इस दर्दनाक घटना ने शिक्षा जगत को झकझोर कर रख दिया है। शिक्षकों और स्थानीय लोगों ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें :  सार्वजनिक स्थान पर अराजकता फैलाने वालों पर हल्द्वानी पुलिस का शिकंजा, 6 गिरफ्तार
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.