ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत 6.50 लाख रुपये के चेक वितरित, 5 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान

भीमताल/ओखलकांडा। राज्य सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत सोमवार को ओखलकांडा के ग्राम नाई स्थित रामलीला ग्राउंड में विशाल जन कल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ उप जिलाधिकारी अनुराग आर्य और परियोजना निदेशक शिल्पी पंत ने किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिविर में कुल 44 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 38 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। शिविर से करीब 230 लोगों को सीधे लाभ मिला।

शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया। इस दौरान 5 महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। साथ ही विभिन्न लाभार्थियों को 6.50 लाख रुपये के चेक दिए गए, जिनमें एक महिला समूह को 5 लाख रुपये, एक लाभार्थी को खच्चर खरीद के लिए 1 लाख रुपये तथा एक अन्य को 50 हजार रुपये का चेक प्रदान किया गया।

शिविर में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य, बिजली, किसान सम्मान निधि, शिक्षा और आयुर्वेदिक चिकित्सालय जैसी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। राजकीय इंटर कॉलेज नाई में शिक्षकों की नियुक्ति, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, क्षतिग्रस्त भवन की मरम्मत तथा प्राथमिक विद्यालयों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कृषि, उद्यान, सहकारिता, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, उद्योग, खेल एवं अन्य विभागों ने योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया और पात्रता के बारे में भी लोगों को जागरूक किया। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री का भी वितरण किया।

शिविर में भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेश नयाल, ग्राम प्रधान कमल सिंह नयाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय बरगली, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, तहसीलदार भूपाल सिंह मटियानी, खंड विकास अधिकारी के.एस. सामंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  हरेला पर्व पर नैनीताल हुआ हरितमय, कमिश्नर-डीएम समेत हजारों लोगों ने लगाए पौधे

You missed

error: Content is protected !!