नैनीताल। राज्य अतिथि गृह-नैनीताल क्लब परिसर में रविवार सुबह स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के दौरान करंट लगने से एक संविदा विद्युत तकनीशियन की दर्दनाक मौत हो गई।
करंट की चपेट में आने के बाद तकनीशियन बिजली के पोल से चिपक गया और बिजली आपूर्ति बंद होने पर नीचे गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी। उसे तत्काल बीडी पांडे जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय महेंद्र सिंह पुत्र बनवारी लाल, निवासी वार्ड संख्या-8, रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। नगर कोतवाल राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि महेंद्र सिंह विद्युत विभाग के माध्यम से संविदा पर नियुक्त थे और नैनीताल क्लब की विद्युत व्यवस्थाओं की देखरेख कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह महेंद्र सिंह राज्य अतिथि गृह परिसर की चारदीवारी के पास खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के लिए पहले बिजली आपूर्ति बंद कर पोल पर चढ़े थे। बताया जा रहा है कि तार जोड़ने के बाद बिजली आपूर्ति शुरू कराई गई, लेकिन इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गए और पोल से चिपक गए।
सूचना मिलते ही बिजली दोबारा बंद कराई गई, जिसके बाद वह नीचे गिर पड़े। सहकर्मी उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय महेंद्र सिंह ने सुरक्षा दस्ताने नहीं पहने थे। हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों को सूचना दे दी गई है।
मृतक का भाई रामपुर से नैनीताल के लिए रवाना हो गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


