देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह ‘ग’ के अंतर्गत विभिन्न विभागों में 379 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। आयोग ने विज्ञापन संख्या 79/उ0अ0 से0च0आ0/2026 दिनांक 21 जुलाई 2026 को जारी करते हुए इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आयोग के अनुसार अभ्यर्थी 26 जुलाई 2026 से 15 अगस्त 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in� के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में संशोधन की सुविधा 18 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक उपलब्ध रहेगी, जबकि लिखित प्रतियोगी परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है।
भर्ती के तहत लेखाकार, सहायक लेखाकार, सहायक लेखाकार/कनिष्ठ सम्परीक्षक, कार्यालय सहायक-तृतीय (लेखा) तथा कैशियर कम-सहायक लेखाकार जैसे पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को हाईस्कूल प्रमाणपत्र के साथ नाम एवं जन्मतिथि के सत्यापन के लिए आधार कार्ड के दोनों तरफ की प्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा आरक्षण से संबंधित प्रमाणपत्र तथा जिन पदों के लिए अनुभव आवश्यक है, उनके लिए अनुभव प्रमाणपत्र भी ऑनलाइन अपलोड करना होगा।
प्रमुख पदों का विवरण:
लेखाकार (ब्रिडकुल) – 01 पद
सहायक लेखाकार (उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड) – 75 पद
सहायक लेखाकार (पावर ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड) – 05 पद
सहायक लेखाकार (उत्तराखण्ड जल विद्युत निगम लिमिटेड) – 02 पद
सहायक लेखाकार (उत्तराखण्ड पर्यटन विकास परिषद) – 13 पद
सहायक लेखाकार/कनिष्ठ सम्परीक्षक (उत्तराखण्ड जल संस्थान) – 05 पद
सहायक लेखाकार (ब्रिडकुल) सहित अन्य विभागों में भी रिक्त पद शामिल हैं।
आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन एवं पात्रता संबंधी सभी शर्तों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की अपील की है। यह भर्ती प्रदेश के युवाओं के लिए सरकारी सेवा में रोजगार का एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।


