ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल में आयोजित होने वाला ऐतिहासिक 124वां नंदा देवी मेला महोत्सव इस वर्ष 16 से 23 सितंबर 2026 तक पूरे धार्मिक उत्साह, स्थानीय संस्कृति और पारंपरिक लोक विरासत के साथ आयोजित किया जाएगा।

मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, राम सेवा समिति, मंदिर समिति, सामाजिक संगठनों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि नंदा देवी मेला जनपद की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने निर्देश दिए कि मेले में आयोजित होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं पर आधारित हों तथा स्थानीय लोक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों, हाउस ऑफ हिमालया ब्रांड और स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।

डीएम ने मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पूरे नगर को आकर्षक विद्युत सज्जा से रोशन किया जाएगा। ठंडी सड़क सहित अन्य क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट और विशेष प्रकाश व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश नगर पालिका को दिए गए।

बैठक में पंडाल, मंच और स्टॉल निर्माण के लिए पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी करने, श्री रामसेवक सभा परिसर और मेला स्थल की व्यवस्थाएं बेहतर रखने तथा राम सेवा समिति के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। डोला यात्रा मार्गों की मरम्मत, लोअर मॉल रोड को दुरुस्त करने और डीएसए मैदान में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

मेले के दौरान सफाई, मोबाइल शौचालय, पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, आयुष्मान कार्ड निर्माण, झूलते विद्युत तारों की मरम्मत, पेड़ों की लॉपिंग, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल, यातायात प्रबंधन, अतिरिक्त रोडवेज बसें और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मुख्य मेला दिवस पर नैनीताल नगर की सभी ठेका मदिरा दुकानें बंद रहेंगी।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी कर आपसी समन्वय के साथ 124वें नंदा देवी मेला महोत्सव को भव्य, दिव्य और सुव्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में विधायक सरिता आर्या, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अपर जिलाधिकारी शौरभ असवाल, एसपी ट्रैफिक जगदीश चंद्र, एसडीएम नवाजिश खालिक, राम सेवा समिति के पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  सुयालगाड़ के उपप्रधान बने राजेंद्र सिंह बजवाल, निर्विरोध निर्वाचन से क्षेत्र में खुशी की लहर
error: Content is protected !!