रानीखेत। प्रतिष्ठित व्यवसायी, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं समाजसेवी आदरणीय गिरीश वेला जी के आकस्मिक निधन पर CWC सदस्य एवं उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष करन माहरा तथा रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
अपने शोक संदेश में करन माहरा ने कहा कि गिरीश वेला जी का निधन केवल व्यापारी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे रानीखेत क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने जीवनकाल में रानीखेत के व्यापारिक एवं सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। व्यापार मंडल के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने सदैव स्थानीय व्यापारियों के हितों की रक्षा तथा क्षेत्र के विकास की आवाज को मजबूती से उठाया।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से गिरने के कारण लगी गंभीर चोट के चलते शारीरिक रूप से अस्वस्थ रहने के बावजूद गिरीश वेला जी का साहस, धैर्य और समाज के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहा। उनका सादा व्यक्तित्व, मिलनसार स्वभाव और समाज के प्रति समर्पित जीवन सदैव स्मरणीय रहेगा।
करन माहरा एवं रानीखेत कांग्रेस कमेटी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार, मित्रों और समस्त रानीखेत व्यापार मंडल को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें।


