हल्द्वानी। मुखानी थाना पुलिस ने घर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब ₹4.50 लाख मूल्य के चोरी किए गए सोने के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने लगभग शत-प्रतिशत बरामदगी कर मामले का सफल अनावरण किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के निर्देश तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में अपराधों के त्वरित अनावरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 को सत्य विहार, ओमकार कॉलोनी, आरटीओ रोड, मुखानी निवासी श्रीमती कुसुम जोशी ने थाना मुखानी में तहरीर देकर बताया कि 13 जुलाई से 18 जुलाई 2026 के बीच अज्ञात चोर उनके माता-पिता के घर का ताला तोड़कर करीब ढाई तोले का सोने का मंगलसूत्र और आधे तोले की सोने की अंगूठी चोरी कर ले गया।
तहरीर के आधार पर थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 111/2026 के तहत धारा 305(ए)/331 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। इसके बाद मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर उसकी तलाश शुरू की गई।
22 जुलाई 2026 को गश्त के दौरान पुलिस को पूरनपुर गांव में मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल संदिग्ध आनंदपुर गांव में देखा गया है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आनंदपुर गांव पहुंचकर बताए गए हुलिये के आधार पर एक संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम श्याम सिंह (45 वर्ष) पुत्र लल्ला बाबू, निवासी फकीराइन मस्जिद के नीचे, जवाहर नगर, थाना बनभूलपुरा, जिला नैनीताल बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किया गया एक सोने का मंगलसूत्र और एक सोने की अंगूठी बरामद हुई। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई और आरोपी को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब ₹4.50 लाख है। मामले में लगभग 100 प्रतिशत बरामदगी करते हुए मुखानी पुलिस ने चोरी की घटना का सफल खुलासा कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।


