4 फीट 9 इंच तक के खिलाड़ियों की हुई नाप-जोख, नैनीताल, भवाली और भीमताल की 15 टीमें लेंगी हिस्सा
नैनीताल। शहर की ऐतिहासिक खेल संस्था सीआरएसटी ओल्ड बॉयज द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित स्वतंत्रता दिवस फुटबॉल प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता का 78वां संस्करण आयोजित किया जा रहा है, जिसे स्थानीय स्तर पर लोकप्रिय रूप से ‘जुबीज’ फुटबॉल प्रतियोगिता के नाम से जाना जाता है।
प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत सोमवार को डीएसए नैनीताल भवन में भाग लेने वाली टीमों के खिलाड़ियों की लंबाई की नाप-जोख की गई। प्रतियोगिता के नियमों के अनुसार इसमें केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकते हैं जिनकी लंबाई 4 फीट 9 इंच (4’9″) से अधिक नहीं हो। इसी मानक के आधार पर खिलाड़ियों का सत्यापन किया गया।
इस वर्ष प्रतियोगिता में नैनीताल, भवाली और भीमताल के विभिन्न विद्यालयों की लगभग 15 प्रतिभाशाली टीमें हिस्सा लेंगी। आयोजकों का कहना है कि इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य बच्चों में खेल भावना विकसित करना, उनकी प्रतिभा को मंच देना और फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाना है।
आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 2 अगस्त से डीएसए नैनीताल मैदान में होगा। प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए आयोजक पूरे उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इस दौरान संस्था के संरक्षक कैप्टन एल.एम. साह, अध्यक्ष जगदीश बवाड़ी, महासचिव डॉ. मनोज बिष्ट, उपसचिव शैलेन्द्र बर्गली, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र शर्मा, अम्बादत्त बवाड़ी, आनंद बिष्ट, नकुल बिष्ट, शैलेन्द्र चौधरी, पवन खड़ायत, पवन साह, राजेश कुमार, संजय गुप्ता, लीला बिष्ट, विनय साह, विक्रम रावत, माणिक साह, मनोज कुमार, डॉ. ललित तिवारी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, खिलाड़ी एवं आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
हर वर्ष की तरह इस बार भी ‘जुबीज’ फुटबॉल प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
यह प्रतियोगिता दशकों से नैनीताल की खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा रही है और कई प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती आई है।


