नैनीताल। ऑल सेंट्स कॉलेज, नैनीताल में रविवार को CISCE जोनल फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। ट्रायल मुकाबला मेज़बान ऑल सेंट्स कॉलेज और सेंट मैरीज़ कॉन्वेंट कॉलेज, रमनी के बीच खेला गया।
मैच में ऑल सेंट्स कॉलेज की छात्राओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीम को 9-0 के बड़े अंतर से पराजित कर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
मैच की स्टार खिलाड़ी नंदानी बिष्ट रहीं, जिन्होंने अकेले चार गोल दागकर अपनी शानदार फॉर्म का परिचय दिया। उनके अलावा लावण्या ने दो गोल किए, जबकि अक्षरूप, समायरा और कर्मा ने एक-एक गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
पूरे मुकाबले के दौरान ऑल सेंट्स कॉलेज की टीम ने गेंद पर शानदार नियंत्रण बनाए रखा और आक्रामक खेल के दम पर विपक्षी टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया गया। चयनकर्ताओं ने बताया कि ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर अंतिम टीम का चयन किया जाएगा, जो आगामी CISCE जोनल फुटबॉल प्रतियोगिता में कुमाऊँ क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेगी।
मुकाबले में रेफरी की जिम्मेदारी बृजेश बिष्ट, अनिल रावत और पवन बिष्ट ने निभाई। उन्होंने पूरे मैच का सफल संचालन किया।
कार्यक्रम के अंत में ऑल सेंट्स कॉलेज प्रशासन ने विजेता टीम को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों की खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। साथ ही चयनित होने वाली खिलाड़ियों को आगामी जोनल प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मेज़बान विद्यालय के खेल विभागाध्यक्ष गोपाल बिष्ट, भूपेंद्र रावत, दीक्षित बिष्ट, मयंक रावत, कामाक्षी बिष्ट सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता में कुमाऊँ का गौरव बढ़ाने के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगी।


