ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

फायरिंग से बचने के प्रयास में नाले में गिरी कार, हमलावर स्कॉर्पियो से हुए फरार; पुरानी रंजिश के एंगल पर जांच में जुटी पुलिस

गदरपुर (ऊधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब स्कॉर्पियो में सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक कार का पीछा करते हुए उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जान बचाने के लिए कार चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी, लेकिन कुछ ही दूरी पर नियंत्रण खोने से कार सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी। इस दौरान चली एक गोली कार में सवार गगन उप्पल के पैर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।

घायल गगन उप्पल को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गदरपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा- 15 से 25 राउंड फायरिंग, तलवारें भी थीं साथ

घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने करीब 15 से 25 राउंड फायरिंग की। लोगों में दहशत फैलाने के लिए कई गोलियां हवा में भी चलाई गईं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों के पास आधुनिक हथियारों के साथ तलवारें भी थीं। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पुरानी रंजिश की आशंका

प्रत्यक्षदर्शी सौरभ बाबा ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले एक मेले के दौरान कुछ युवकों से उनका विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि उसी घटना के बाद से कुछ लोग लगातार उनका पीछा कर रहे थे। उन्होंने इस संबंध में पहले भी गदरपुर पुलिस को तहरीर देकर सुरक्षा की मांग की थी। पुलिस अब इस पुराने विवाद और आपसी रंजिश के एंगल से भी मामले की जांच कर रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। सीओ बाजपुर अखिलेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद गदरपुर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। खुलेआम हुई फायरिंग ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच करते हुए फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें :  हरिद्वार में सनसनी: शिव मंदिर में दो साधुओं की हत्या, शव परिसर में दबाए; साधु वेशधारी तीन संदिग्ध फरार

You missed

error: Content is protected !!