ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

500-500 मीट्रिक टन क्षमता के दो प्लांट शुरू, रोजाना निकलने वाले कचरे का होगा उसी दिन निस्तारण

हल्द्वानी। कुमाऊं के प्रवेश द्वार और क्षेत्र के सबसे बड़े नगर निगम हल्द्वानी को जल्द ही वर्षों पुरानी कूड़ा निस्तारण की समस्या से राहत मिलने वाली है। करीब पांच लाख की आबादी वाले शहर में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में निकलने वाले ठोस कचरे के कारण ट्रेंचिंग ग्राउंड पर कूड़े का विशाल पहाड़ बन गया था। इससे आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को लंबे समय से दुर्गंध, प्रदूषण और गर्मियों में कूड़े में लगने वाली आग से उठने वाले जहरीले धुएं की समस्या का सामना करना पड़ता रहा है।

अब नगर निगम ने इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्य नगर आयुक्त परितोष वर्मा के अनुसार नगर निगम ने 500-500 मीट्रिक टन क्षमता के दो कूड़ा निस्तारण संयंत्र स्थापित कर दिए हैं। इन संयंत्रों के पूरी क्षमता से संचालन के बाद दिसंबर 2026 तक ट्रेंचिंग ग्राउंड पर जमा कूड़े के पहाड़ का पूरी तरह निस्तारण कर दिया जाएगा।

मुख्य नगर आयुक्त ने बताया कि संयंत्रों के संचालन से न केवल पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण होगा, बल्कि शहर से प्रतिदिन निकलने वाला नया कूड़ा भी उसी दिन प्रोसेस कर दिया जाएगा। इससे भविष्य में ट्रेंचिंग ग्राउंड पर दोबारा कूड़े का पहाड़ बनने की स्थिति नहीं आएगी।

नगर निगम का मानना है कि इस पहल से शहर में स्वच्छता व्यवस्था और बेहतर होगी। साथ ही ट्रेंचिंग ग्राउंड से उठने वाली दुर्गंध, प्रदूषण और आग लगने जैसी समस्याओं पर भी प्रभावी नियंत्रण मिलेगा। इससे आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को राहत मिलेगी और हल्द्वानी को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

यह भी पढ़ें :  चार माह का ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण संपन्न, 20 महिलाओं ने सीखे स्वरोजगार के गुर

You missed

error: Content is protected !!