ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी में पुरानी रंजिश में खूनी खेल: थप्पड़ का बदला लेने के लिए युवक पर पाटल और चाकू से किया हमला; 3 सगे भाइयों पर FIR दर्ज

तीनपानी शनि मंदिर के पास गोलगप्पे खाते समय हुआ विवाद, गंभीर रूप से घायल युवक निजी अस्पताल में भर्ती, आरोपी फरार

हल्द्वानी। शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित तीनपानी शनि मंदिर के पास गुरुवार देर शाम पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। वर्षों पहले हुए थप्पड़ के विवाद का बदला लेने के लिए तीन सगे भाइयों ने एक युवक पर कथित तौर पर पाटल (धारदार हथियार) और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक की गर्दन और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना उस समय हुई जब घायल अमन प्रकाश अपने भाई यमन प्रकाश के साथ तीनपानी स्थित शनि मंदिर के पास एक ठेले पर गोलगप्पे खा रहा था। इसी दौरान वहां गौरव नामक युवक पहुंचा और किसी बात को लेकर उसकी अमन से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गौरव ने अपने दो भाइयों को भी मौके पर बुला लिया।

आरोप है कि तीनों भाइयों ने मिलकर अमन प्रकाश पर पाटल और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे यमन प्रकाश ने किसी तरह अपने भाई को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, घायल अमन प्रकाश मुक्तेश्वर में एक होटल का संचालन करता है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमन और गौरव के बीच कई वर्ष पहले थप्पड़ मारने की घटना को लेकर विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि आरोपी उसी रंजिश को मन में रखे हुए थे और गुरुवार को मौका मिलते ही हमला कर दिया।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर तीनों सगे भाइयों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमले से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके।

यह भी पढ़ें :  धामी सरकार का बड़ा फैसला: उत्तराखंड में विकास कार्यों के लिए ₹676 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति, पेयजल, बिजली, सोलर लाइट और निकायों को मिली बड़ी सौगात

You missed

error: Content is protected !!