ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। हल्द्वानी से नैनीताल आते समय ज्योलीकोट क्षेत्र में लापता हुए एक 21 वर्षीय युवक को पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) और वन विभाग की संयुक्त टीम ने सघन खोज अभियान चलाकर सकुशल बरामद कर लिया। युवक के सुरक्षित मिलने के बाद उसे अग्रिम कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

आपदा नियंत्रण कक्ष से मिली सूचना के अनुसार युवक हल्द्वानी से नैनीताल आ रहे एक वाहन से ज्योलीकोट चौकी क्षेत्र में उतर गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा, जिससे उसके जंगल या खाई की ओर चले जाने की आशंका जताई गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया और एसडीआरएफ की सहायता मांगी।

सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ नैनीताल पोस्ट के प्रभारी उप निरीक्षक मनोज रावत के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय पुलिस, वन विभाग और एसडीआरएफ के जवानों ने बल्दियाखान के दुर्गम वन क्षेत्र में संयुक्त रूप से व्यापक सर्च अभियान चलाया।

लगातार तलाश के दौरान टीम को 21 वर्षीय प्रदीप कुमार, पुत्र हरीश राम, निवासी ग्राम सूरे, जनपद अल्मोड़ा, सड़क के समीप सुरक्षित अवस्था में मिल गया। युवक के सकुशल मिलने से परिजनों और प्रशासन ने राहत की सांस ली।

इसके बाद एसडीआरएफ ने युवक को आवश्यक पूछताछ एवं आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। संयुक्त अभियान की सफलता से एक संभावित बड़ी अनहोनी टल गई।

यह भी पढ़ें :  तीनपानी में चापड़-छुरे से जानलेवा हमला: हल्द्वानी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपी दबोचे
error: Content is protected !!