मदर डेयरी के पैक्ड गाय के दूध में मिली गड़बड़ी, जांच में अधोमानक और मिथ्याछाप घोषित, फैट की मात्रा मानक से कम

हल्द्वानी। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के लिए नैनीताल जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मदर डेयरी के पैक्ड गाय के दूध का नमूना प्रयोगशाला जांच में निर्धारित मानकों के विपरीत पाए जाने पर अधोमानक और मिथ्याछाप घोषित किया गया है। जांच रिपोर्ट में दूध के अंदर फैट की मात्रा निर्धारित मानक से कम पाई गई। वहीं, उत्पाद के पैकेट पर फैट की मात्रा इससे अधिक दर्शाई गई थी। विभाग ने मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी अजय सिंह रावत के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर जिलेभर में मिलावटी और अधोमानक खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए लगातार छापेमारी और नमूना संग्रह की कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि अगस्त 2026 में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र के भोलानाथ गार्डन स्थित मदर डेयरी के वितरक के प्रतिष्ठान से पैक्ड गाय के दूध का नमूना जांच के लिए लिया गया था। प्रारंभिक जांच में राजकीय खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला रुद्रपुर ने नमूने को अधोमानक पाया। इसके बाद अपील के तहत नमूने को केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला गाजियाबाद भेजा गया।

केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला गाजियाबाद की 21 अक्टूबर 2026 को जारी रिपोर्ट में दूध के नमूने में फैट की मात्रा महज 2.9 प्रतिशत पाई गई, जबकि खाद्य सुरक्षा एवं मानक विनियम 2011 के अनुसार गाय के दूध में न्यूनतम 3.2 प्रतिशत फैट होना अनिवार्य है। वहीं, मदर डेयरी के पैकेट पर फैट की मात्रा न्यूनतम 4 प्रतिशत घोषित की गई थी। इस तरह जांच में वास्तविक फैट की मात्रा निर्धारित मानक और पैकेट पर किए गए दावे, दोनों से कम पाई गई।

प्रयोगशाला की रिपोर्ट के आधार पर उक्त नमूने को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 3(1)(zx) के तहत अधोमानक (Sub-standard) और धारा 3(1)(zf) के तहत मिथ्याछाप (Misbranded) घोषित किया गया है। विभाग के अनुसार, इस मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

त्योहारी सीजन में दो दर्जन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण

दूसरी ओर, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 4 नवंबर 2026 को रामनगर, हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र और हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र के लालकुआं में व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान करीब दो दर्जन खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। विभागीय टीम ने 21 अलग-अलग खाद्य प्रतिष्ठानों से विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 14 नमूने जांच के लिए एकत्रित किए।

जांच के लिए लिए गए नमूनों में गुड़, गुलाब जामुन, आटे के लड्डू, खिलौना मिठाई, पेड़ा, बेसन के लड्डू, बालूशाही और तिल-खोया के लड्डू सहित अन्य खाद्य सामग्री शामिल रही। इन नमूनों को प्रयोगशाला भेजकर उनकी गुणवत्ता और शुद्धता की जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट में किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

साफ-सफाई और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थों को सुरक्षित एवं स्वच्छ परिस्थितियों में रखने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने को कहा गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका को देखते हुए विशेष निगरानी रखी जा रही है।

इस कार्रवाई में तहसीलदार लालकुआं ईश्वर सिंह, सहायक आयुक्त अजय सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी नगर निगम तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह सहित विभागीय टीम के सदस्य मौजूद रहे।

खाद्य पदार्थ खरीदते समय सावधानी बरतने की अपील

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता से अपील की है कि त्योहारों के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग, निर्माण तिथि और उपयोग की अंतिम तिथि की जांच अवश्य करें। साथ ही खाद्य प्रतिष्ठान का लाइसेंस अथवा पंजीकरण भी देखें। किसी भी दुकान पर मिलावटी या अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री दिखाई देने पर इसकी सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।

विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जनपद में आम जनता को सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए छापेमारी, निरीक्षण, नमूना संग्रह और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका,पुलिस-वन-आबकारी विभाग में 1818 पदों पर होगी नियुक्ति

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.