हल्द्वानी। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भले ही राजनीतिक गतिविधियां अभी शुरुआती चरण में हों, लेकिन हल्द्वानी विधानसभा सीट पर चुनावी समीकरण और भाजपा के भीतर टिकट की दावेदारी को लेकर हलचल तेज होने लगी है।

भारतीय जनता पार्टी में संभावित दावेदारों ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में भाजपा के प्रदेश प्रकोष्ठ संयोजक कौस्तुबानन्द जोशी ने हल्द्वानी विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी पेश कर राजनीतिक चर्चाओं को हवा दे दी है।

कौस्तुबानन्द जोशी इन दिनों ‘हल्द्वानी के मन की बात’ अभियान के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों के बीच पहुंच रहे हैं।

इस अभियान के जरिए वह स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर रहे हैं और हल्द्वानी के विकास, बुनियादी सुविधाओं, यातायात व्यवस्था, पेयजल, सफाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और शहर की अन्य प्रमुख समस्याओं को लेकर उनकी राय एवं अपेक्षाएं जान रहे हैं।

उनका प्रयास है कि जनता के सुझावों और समस्याओं को समझकर हल्द्वानी के विकास का एक बेहतर दृष्टिकोण तैयार किया जा सके।

जोशी ने स्पष्ट किया कि उन्होंने हल्द्वानी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा पार्टी संगठन के समक्ष रख दी है। इस संबंध में उन्होंने प्रभारी मंत्री को भी अवगत करा दिया है।

उनका कहना है कि पार्टी में दावेदारी करना प्रत्येक कार्यकर्ता का लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन अंतिम निर्णय संगठन और पार्टी नेतृत्व को ही लेना है।

गौरतलब है कि कौस्तुबानन्द जोशी इससे पहले नगर निगम चुनाव में महापौर पद के लिए भी भाजपा से टिकट की दावेदारी कर चुके हैं।

हालांकि उस समय पार्टी ने उन्हें अवसर नहीं दिया और परिस्थितियां उनके अनुकूल नहीं रहीं। इसके बावजूद उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क के माध्यम से अपनी सक्रियता बनाए रखी है।

अब विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए उन्होंने हल्द्वानी सीट पर अपनी राजनीतिक तैयारी तेज कर दी है। ‘हल्द्वानी के मन की बात’ अभियान को भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

इस अभियान के जरिए वह न केवल जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं, बल्कि शहर के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताओं और सोच को भी सामने रख रहे हैं।

कौस्तुबानन्द जोशी का कहना है कि यदि भाजपा संगठन उन पर भरोसा जताते हुए चुनाव मैदान में उतरने का अवसर देता है तो वह हल्द्वानी को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और विकसित शहर के रूप में स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। उनका लक्ष्य शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान कर हल्द्वानी को विकास की नई दिशा देना है।

फिलहाल हल्द्वानी विधानसभा सीट पर भाजपा के भीतर दावेदारी का दौर शुरू हो चुका है। आने वाले दिनों में अन्य संभावित दावेदारों की सक्रियता भी बढ़ सकती है।

ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि 2027 के चुनाव में भाजपा का टिकट किसके हिस्से आता है और पार्टी नेतृत्व हल्द्वानी की सियासी बिसात पर किस चेहरे पर दांव लगाता है।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  रामनगर पूछड़ी में वन विभाग का बड़ा एक्शन, दूसरे चरण में 81 अवैध निर्माण ध्वस्त, 5 हेक्टेयर तक वन भूमि कब्जामुक्त

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.