झपटमारी, फायरिंग और जानलेवा हमले के आरोपियों को त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और सटीक रणनीति के दम पर दबोचा
हल्द्वानी/नैनीताल। जनपद नैनीताल में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की त्वरित कार्रवाई लगातार देखने को मिल रही है। झपटमारी, फायरिंग और जानलेवा हमले जैसे तीन गंभीर मामलों में नैनीताल पुलिस ने बेहद कम समय में आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रभावी पुलिसिंग का उदाहरण पेश किया है। सीसीटीवी फुटेज, मैन्युअल एवं टेक्निकल सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के दम पर पुलिस ने तीनों मामलों का सफल खुलासा करते हुए यह संदेश दिया है कि जनपद में अपराध कर बच निकलना आसान नहीं है।
48 घंटे में झपटमारी का खुलासा, सोने का कुंडल बरामद
30 जुलाई को मुखानी थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक बुजुर्ग महिला के कान से सोने का कुंडल झपटने की घटना सामने आई थी। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में मुखानी पुलिस और एसओजी टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया और लगातार तलाश अभियान चलाया। महज 48 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सोने का कुंडल भी बरामद कर लिया गया।
फायरिंग की सूचना पर घंटों में आरोपी गिरफ्तार
हरिपुर जमन सिंह क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद के दौरान अवैध तमंचे से फायरिंग की सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस तत्काल एक्शन मोड में आ गई। पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही घंटों में आरोपी को बेलबाबा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से अवैध .32 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।
24 घंटे में जानलेवा हमले के तीनों आरोपी सलाखों के पीछे
तीनपानी क्षेत्र में चापड़ और छुरे से किए गए जानलेवा हमले की सूचना मिलते ही हल्द्वानी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र, पतारसी-सुरागरसी और लगातार दबिश के जरिए मात्र 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का सफल खुलासा कर दिया।
अपराधियों को स्पष्ट संदेश
इन तीनों मामलों में नैनीताल पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया, प्रोफेशनल जांच और सटीक ऑपरेशनल रणनीति साफ तौर पर देखने को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने बिना समय गंवाए कार्रवाई शुरू की और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के साथ लगातार फील्ड ऑपरेशन चलाकर आरोपियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध चाहे किसी भी प्रकार का हो, पुलिस हर सूचना पर तेजी से कार्रवाई करते हुए अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
यही कारण है कि लगातार सफल खुलासों के जरिए पुलिस आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत कर रही है और अपराधियों में कानून का भय पैदा कर रही है।


