हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹58,950 की नकदी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में मंगलपड़ाव चौकी पुलिस टीम ने 2 अगस्त की रात रामलीला मोहल्ला स्थित एक दुकान के दो मंजिला पुराने गोदाम में छापेमारी की। यहां लंबे समय से जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई की और मौके से 13 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने जुआ फड़ से ₹58,950 की नकदी तथा ताश के पत्ते बरामद किए। सभी आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी: रितेश कुमार, हैदर अली, प्रशांत कुमार, कुशल, आसिफ, मोहम्मद शाहनवाज, शोएब, मोहम्मद राहुल, मोहम्मद समीर, फैजान, शाहनवाज, सर्वेश और योगेंद्र।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


