नैनीताल की लोअर मॉल रोड पर जल्द ही शुरू होगी वाहनों की आवाजाही 

रिपोर्टर: गुड्डू सिंह ठठोला

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के पर्यटन और यातायात की दृष्टि से महत्वपूर्ण लोअर मॉल रोड पर जल्द ही वाहनों की आवाजाही शुरू होने जा रही है। लंबे समय से बंद पड़े इस मार्ग को खोलने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

सड़क का मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद अब रेलिंग लगाने, साफ-सफाई और अन्य जरूरी कार्य अंतिम चरण में हैं। अधिकारियों के अनुसार, सबसे पहले दोपहिया वाहनों को आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद दो से तीन दिनों के भीतर चौपहिया वाहनों के लिए भी मार्ग खोलने की तैयारी है।

लोअर मॉल रोड को दोबारा शुरू कराने के लिए मां नैना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने लगातार प्रयास किए। बरसात के दौरान सड़क बंद होने से व्यापारियों, स्थानीय लोगों और पर्यटकों को हो रही परेशानियों को देखते हुए उन्होंने कई दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से सड़क को जल्द खोलने की मांग उठाई थी। प्रशासन की ओर से भी 10 नवंबर से पहले मार्ग को खोलने का आश्वासन दिया गया था। अब सड़क का मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद उनकी यह मुहिम सफल होती नजर आ रही है।

गौरतलब है कि बारिश के बाद सड़क का एक हिस्सा धंसने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने लोअर मॉल रोड पर यातायात बंद कर दिया था। इसके चलते स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 में भी लोअर मॉल रोड का करीब 25 मीटर हिस्सा दरककर नैनी झील में समा गया था। इस घटना के बाद लगभग एक महीने तक सड़क पर यातायात बाधित रहा था। उस समय जियो बैग की अस्थायी दीवार बनाकर किसी तरह यातायात सुचारु किया गया था। इसके बाद सड़क के स्थायी उपचार के लिए स्थानीय स्तर से लेकर आईआईटी रुड़की और टीएचडीसी के विशेषज्ञों तक ने कई अध्ययन किए, लेकिन स्थायी समाधान की प्रक्रिया में करीब चार साल का समय लग गया।

अब सड़क की मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है। संबंधित विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 15 अक्टूबर को सड़क का अंतिम स्लैब डालने का काम पूरा कर लिया गया था। वर्तमान में रेलिंग लगाने, साफ-सफाई और सड़क पर बनाए गए अस्थायी रैंप को हटाने का कार्य किया जा रहा है। रैंप हटते ही सबसे पहले दोपहिया वाहनों के लिए मार्ग खोल दिया जाएगा। इसके बाद अगले दो से तीन दिनों में चौपहिया वाहनों की आवाजाही भी शुरू कर दी जाएगी।

लोअर मॉल रोड खुलने से नैनीताल के स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही माल रोड क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने और शहर की आवाजाही को सुगम बनाने में भी मदद मिलेगी। अब सभी की निगाहें प्रशासन की ओर से मार्ग खोलने की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  शानदार अभिनय से सोशल मीडिया पर छाईं मीना बासकंडी, सुपर्णखा के किरदार ने दर्शकों का जीता दिल, तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा मंच
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.