छात्राओं ने खेल प्रतिभा का किया शानदार प्रदर्शन, मिलमन सदन ने जीती एथलेटिक शील्ड

नैनीताल। ऑल सेंट्स कॉलेज, नैनीताल में संस्थान के 157वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में रविवार को वार्षिक एथलेटिक मीट का भव्य आयोजन किया गया। खेल, अनुशासन और उत्साह से सराबोर इस आयोजन में छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या  अंजिना रिचर्ड्स द्वारा टॉर्च प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत विभिन्न सदनों की छात्राओं ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। मार्च पास्ट के दौरान छात्राओं का अनुशासन, एकजुटता और उत्साह देखते ही बनता था।

एथलेटिक मीट के अंतर्गत स्प्रिंट, रिले रेस, हर्डल्स तथा ऑब्स्टेकल रेस सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्राओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए अपनी गति, सहनशक्ति और खेल कौशल का परिचय दिया। मैदान में उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान कई प्रतियोगिताओं में पिछले वर्षों के रिकॉर्ड भी टूटे।

मुख्य अतिथि उत्तराखंड उच्च न्यायालय के माननीय न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित ने अपने संबोधन में कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, धैर्य, प्रतिबद्धता, दृढ़ता और टीम भावना जैसे गुण विकसित होते हैं।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। उन्होंने छात्राओं को स्वयं का बेहतर संस्करण बनने का प्रयास करने तथा ऑनलाइन खेलों के बजाय बाहरी खेलों को प्राथमिकता देने की सलाह दी। अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने ऑल सेंट्स कॉलेज में शिक्षित अपनी पुत्री श्रेया पुरोहित तथा चमोली की मानसी नेगी का उदाहरण देकर छात्राओं को अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान वर्षभर आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। विभिन्न आयु वर्गों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए ‘डी’ वर्ग में अनुश्री कालाकोटी, ‘सी’ वर्ग में एरिन कौर, ‘बी’ वर्ग में नंदिनी बिष्ट तथा ‘ए’ वर्ग में ज़ायना रहमान को बेस्ट एथलीट घोषित किया गया। वहीं, नंदिनी बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एथलीट ऑफ द मीट का खिताब अपने नाम किया।

इस वर्ष की एथलेटिक शील्ड 2026 पर 259 अंक अर्जित कर मिलमन सदन ने कब्जा जमाया। 235 अंकों के साथ रॉबिन्सन सदन दूसरे तथा 231 अंकों के साथ डोरोथी किंग सदन तीसरे स्थान पर रहा।

कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या  अंजिना रिचर्ड्स ने मुख्य अतिथि, अभिभावकों एवं उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन ज्योतिका गिल एवं नंदिता चट्टोपाध्याय ने किया।

इस अवसर पर  रामेश्वरी पुरोहित, उच्च न्यायालय के डिप्टी एडवोकेट जनरल, राजीव बिष्ट, कुर्मांचल नगर सहकारी बैंक के चेयरमैन व मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर के मैनेजर विनय साह, लॉन्ग व्यू पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य भुवन त्रिपाठी, धारी की पूर्व ब्लॉक प्रमुख शांति बिष्ट, एवं रीता सनवाल, ऑल सेंट्स कॉलेज के खेल विभागाध्यक्ष गोपाल बिष्ट सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, छात्राओं के अभिभावक तथा नैनीताल के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल में आयोजित GRAPHiTE 2026 हैकाथॉन में टीम जैम्प ने हासिल किया पहला स्थान
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.