सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालधन चौड़ में मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन
‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत आयोजित शिविर का विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील
रामनगर/मालधन चौड़। प्रदेश सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के अंतर्गत चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जनपद नैनीताल की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालधन चौड़ में सोमवार को मल्टी स्पेशलिटी स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श और उपचार का लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ रामनगर के विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने किया। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रामनगर मंजू नेगी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
शिविर में नेत्र रोग, ईएनटी (नाक, कान एवं गला), हड्डी रोग, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा जनरल ओपीडी के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। साथ ही पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाए गए और आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर का निरीक्षण ब्लॉक प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश कोहली एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मालधन चौड़ डॉ. मेघा जोशी ने किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करते हुए लाभार्थियों से संवाद किया और व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर में कुल 407 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया। इनमें 225 लोगों की ब्लड प्रेशर जांच, 220 की ब्लड शुगर जांच, 175 की टीबी स्क्रीनिंग, 15 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग, 25 लोगों की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग, 160 की हीमोग्लोबिन जांच, 125 की एलएफटी (LFT), 80 की आरएफटी (RFT) जांच तथा 115 एक्स-रे किए गए। इसके अलावा एक दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किया गया और 40 लाभार्थियों की आभा आईडी भी बनाई गई।
शिविर के सफल संचालन में डॉ. कैलाश बृजवाल, डॉ. कविता लोहनी, डॉ. चंद्रशेखर भट्ट, डॉ. के.के. त्रिपाठी, बीपीएम जितेंद्र गुणवंत, बीना बोरा, नीरू ज्वाला, दिवेश तिवारी, श्याम सुंदर बिष्ट, संजय कुमार, पूजा, सपना, रवि, चंपा वर्मा, अमित कुमार त्रिपाठी तथा आईसीसी मैनेजर दीवान बिष्ट सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान का उद्देश्य विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और आमजन से भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।


