ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

दो साल से कर रहा था पीछा, छेड़छाड़ की शिकायत के बाद भी नहीं माना आरोपी; वारदात के कुछ घंटों में गिरफ्तार

फरीदाबाद।  सिकरोना गांव में एकतरफा प्यार में पागल सिरफिरे युवक ने प्राइवेट स्कूल में घुसकर महिला टीचर की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। वारदात इतनी भयावह थी कि आरोपी ने महज 32 सेकेंड में पीड़िता पर 34 बार चाकू से हमला किया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, फिरोजपुर कलां गांव निवासी 32 वर्षीय संध्या सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिकरोना में शिक्षिका थीं। सोमवार सुबह मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक स्कूल पहुंचा और गार्ड से संध्या के पति का नाम लेकर उन्हें बाहर बुलाने को कहा। जैसे ही संध्या स्कूल परिसर से बाहर आईं, आरोपी ने उनका हाथ पकड़कर नीचे गिरा दिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संध्या की चीख-पुकार सुनकर स्कूल संचालक मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। संचालक डंडा लेकर दोबारा लौटे, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुका था। गंभीर रूप से घायल संध्या की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए कोट गांव निवासी 21 वर्षीय अमित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह संध्या से शादी करना चाहता था, लेकिन शिक्षिका द्वारा इनकार किए जाने से वह नाराज था। इसी वजह से उसने हत्या की योजना बनाई।

जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले दो वर्षों से संध्या का पीछा कर रहा था और लगातार उन्हें परेशान करता था। संध्या पहले कोट गांव के एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं, जहां आरोपी उनसे संपर्क में आया। आरोपी की हरकतों से परेशान होकर उन्होंने स्कूल बदल लिया, लेकिन इसके बावजूद वह उनका पीछा करता रहा।

परिजनों के अनुसार, संध्या ने आरोपी की छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस से भी की थी। उस समय आरोपी के माफी मांगने पर समझौता हो गया था। संध्या के पति ने बताया कि शिकायत करने पर आरोपी ने उनके साथ हाथापाई भी की थी। बाद में जब संध्या ने उसके खिलाफ दोबारा केस दर्ज कराने की चेतावनी दी तो उसने हत्या की साजिश रच ली।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अमित पिछले करीब दो महीनों से हत्या की योजना बना रहा था। उसने इसी मकसद से एक फेरीवाले से चाकू खरीदा था।

सोमवार सुबह वह नकाब पहनकर स्कूल पहुंचा और पहले से बनाई गई योजना के तहत संध्या को बाहर बुलाकर उन पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने उनके गले से लेकर पेट तक 34 वार किए। घटना के बाद बरामद चाकू को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहन जांच जारी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

यह भी पढ़ें :  फ्लाईओवर हादसा: दो कांवड़ियों की मौत के मामले में NHAI अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज, परिजनों ने लगाया घोर लापरवाही का आरोप
error: Content is protected !!